भारत, दुनिया का शक्ति‍शाली राष्ट्र जिन बातों से हो सकता है उसमें हिन्दू राष्ट्र महत्वपूर्ण है

आरएसएस ने मनाई विजयदशमी, शस्‍त्र पूजा में हिन्‍दू राष्‍ट्र की बात


राष्‍ट्रीय स्‍वयं सेवक संघ (आरएसएस) के महानगर दक्षिणी भाग के पदाधिकारियों ने विजयदशमी पर मंगलवार को गोरखपुर में शस्‍त्र पूजा की। इस मौके पर आरएसएस के गोरक्ष प्रांत के प्रांत संघ चालक डा.पृथ्‍वीराज सिंह ने कहा कि राष्ट्र तभी परम वैभव पर पहुंचेगा जब हिन्दू मूल्यों को बढ़ावा मिलेगा। यही हमारा आधार बिंदु है। 'हिन्दू राष्ट्र' ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की आत्मा है।
समय,काल की परिस्थितियों के अनुसार अन्य सब बातों में बदलाव आ सकता है। लेकिन आरएसएस में हिन्दू राष्ट्र मूल रूप में हमेशा से था, है और रहेगा इसलिए आज के ही दिन हिंदुत्व निष्ठ आस्था वाले संगठन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना हुई थी। विजयादशमी का पर्व ओज, ऊर्जा और शक्ति के पर्व के रूप में मनाया जाता है। संघ के आद्य सरसंघचालक डॉ. हेडगेवार ने हर प्रकार के संगठन के साथ कार्य किया तब उन्हें अनुभव हुआ कि परिवर्तन त्वरित रूप से नहीं होगा। यह धीरे-धीरे होगा। हिन्दू राष्ट्र के लिए धर्मनिष्ठ समाज और विचार होना चाहिए। इसके बाद राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना की। आज हम 94वें साल में प्रवेश कर रहे हैं।


उन्‍होंने कहा कि पिछले वर्षों में योग शिक्षा, पर्यावरण ,अंतरिक्ष में प्रयास, बौद्धिक शक्ति में वृद्धि, आधारभूत संरचना, भूतल परिवहन में सुधार, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, स्वच्छता अभियान, चिंतन स्तर में बदलाव, आतंकियों का सफाया, रिफ्यूजियो की समस्याओं का निदान आदि पर भारत में सर्वानुमति बनी है। यह हमारी सफलता है। आर्थिक दृष्टि से भी जन समस्याओं के निवारण के लिए जन-धन मुद्रा, लोककल्याण के कार्य, कृषि बीमा और किसान सम्मान निधि पर कार्य हुए हैं। लेकिन जो विरोधी हैं वो समाजिक असन्तोष, अलगाव, सार्वजनिक समूहों में विभेद, स्थानीय पहचान, बेरोजगारी व आत्म पहचान का मुद्दा बनाकर देश विरोधी कार्य कर रहे हैं।
भारत, दुनिया का शक्ति‍शाली राष्ट्र जिन बातों से हो सकता है उसमें हिन्दू राष्ट्र महत्वपूर्ण है। इसके बिना भारत का भविष्य नहीं है। प्राथमिक आवश्यकताओं की पूर्ति, सामाजिक आयाम व सम्बन्धों को मजबूत किया जाए। बाह्य सुरक्षा पर ध्यान दिया जाए। भारत ना केवल आत्मनिर्भर हो बल्कि दुनिया को देने के लिए समर्थ हो। तब भारत विश्व का शक्ति‍शाली राष्ट्र बन सकेगा। यह हम सज्जन शक्ति के जागरण के माध्यम से कर सकते हैं। आरएसएस चाहता है कि राष्ट्र परम वैभव पर पहुंचे।


कार्यक्रम में मंच पर बतौर मुख्यवक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ गोरक्ष प्रान्त के प्रान्त संघचालक डॉ.पृथ्वीराज सिंह,विभाग संघचालक डॉ.महेंद्र अग्रवाल और भाग संघचालक ओम जालान मौजूद थे। उक्त कार्यक्रम मुख्‍य रूप से विभाग कार्यवाह आत्मा सिंह, भाग कार्यवाह अभिषेक, अरुण मल्ल, राकेश सिंह पहलवान, पुनीत पांडेय, जगदीश और शम्भू पांडेय मौजूद रहे।