जौनपुर:दिल्ली से गबन कर भागे आरोपी को दिल्ली पुलिस ने दबोचा

जौनपुर:दिल्ली से गबन कर भागे आरोपी को दिल्ली पुलिस ने दबोचा
जौनपुर/खुटहन
खुटहन मे दिल्ली में शराब की दुकान से 50 लाख का गबन कर भागे आरोपित सेल्समैन को गुरूवार की रात उसके पैतृक गांव नगवां से दिल्ली पुलिस और स्थानीय थाना पुलिस के संयुक्त छापेमारी में गिरफ्तार कर लिया गया। शुक्रवार को थाने पर आवश्यक लिखा पढ़ी के बाद आरोपित को दिल्ली पुलिस अपने साथ ले गयी।



नगवां गांव निवासी मुकेश कुमार यादव पुत्र भगेलू दिल्ली के रोहड़ी जिले के थाना प्रशांत बिहार क्षेत्र मे स्थित एक अंग्रेज़ी शराब की दुकान पर बतौर सेल्समैन तैनात था। लगभग एक पखवाड़े पूर्व वह दुकान छोड़कर गायब हो गया। दुकान के अनुज्ञापी ने जब हिसाब किताब मिलाया तो 50 लाख नकद रूपयों का कुछ पता नहीं चल सका। इधर सेल्समैन के अचानक गायब हो जाने से पूरा शक यकीन में बदल गया। उसके खिलाफ थाना प्रशांत बिहार में मुकदमा पंजीकृत करा दिया गया।



दिल्ली पुलिस वहां आस—पास तलाश के बाद आरोपित की मोबाइल लोकेशन के आधार पर गुरुवार की शाम खुटहन थाने पर आ धमकी। थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर दुर्गेश्वर मिश्र ने उसके घर के आस—पास अपने मुखबिरों को लगा दिया। आधी रात को आरोपी जैसे ही घर पहुंचा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कार्यवाही के बाद दिल्ली पुलिस आरोपित को अपने साथ ले गयी।