भगोड़े नीरव मोदी की होली लंदन की जेल में मनी, कभी शामिल था फोर्ब्स के अमीरों की सूची में

पीएनबी फ्रॉड के आरोपी नीरव मोदी की होली जेल में मनी। उसे लंदन की सबसे भीड़ भाड़ वाली जेल में रखा गया है। कभी नीरव मोदी का नाम फोर्ब्स के अमीरों की लिस्ट में हुआ करता था।


 


लंदन: भगोड़े हीरा कारोबारी नीरव मोदी के लिये इस बार की होली अच्छी नहीं रही। उसकी होली इस बार ब्रिटेन की एक जेल में कटी। यह जेल ब्रिटेन की सबसे ज्यादा भीड़भाड़ वाली जेलों में से एक है। ब्रिटेन की एक अदालत ने बुधवार को नीरव मोदी को जमानत देने से इनकार कर दिया था। 


नीरव मोदी साल 2017 में फोर्ब्स के भारतीय अमीरों के लिस्ट में 85 नंबर पर था। उस समय उसकी दौलत 12400 करोड़ रुपए थी। साल 2018 में उसका नाम फोर्ब्स की लिस्ट से हटा दिया गया। नीरव मोदी, 48 वर्ष, सार्वजनिक क्षेत्र के पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) से जुड़े दो अरब डालर (14000 करोड़ रुपए) के धोखाधड़ी मामले में भारत में वांछित है। 


लंदन की पुलिस ने नीरव मोदी को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया था और बुधवार को उसे वेस्टमिंस्टर मजिस्ट्रेट की जिला न्यायाधीश मैरी माल्लोन की अदालत में पेश किया गया। न्यायाधीश ने नीरव मोदी को 29 मार्च तक हिरासत में भेज दिया जिसके बाद उसे दक्षिण- पश्चिम लंदन की वांडस्वर्थ जेल में रखा गया। 


संभवत: मोदी को उम्मीद थी कि उन्हें अलग सेल में रखा जायेगा लेकिन उन्हें इस जेल में बंद 1,430 पुरूष कैदियों में से किसी एक के साथ एक ही सेल में रहना पड़ा होगा। इस जेल में कुछ खतरनाक कैदी भी हैं। 


देश के अमीर व्यक्तियों में से एक नीरव मोदी काफी ठाटबाट की जिंदगी जीने वाले लोगों में से हैं। उसका दुनियाभर में कई प्रतिष्ठित लोगों और फिल्म कलाकारों के साथ उठना बैठना रहा है। लेकिन ऐसा भी समय आया जब उन्हें होली का दिन खतरनाक कैदियों के साथ बिताना पड़ा।


नीरव मोदी के पास तीन पासपोर्ट हैं। लंदन पुलिस की गिरफ्तारी के बाद जब उसे शहर के वेस्टमिंस्टर मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया, तब उसके पास तीन पासपोर्ट होने का पता चला। नीरव मोदी के वकीलों की टीम की अगुवाई कर रहे जार्ज हेपबर्न स्काट ने अदालत से जमानत के लिये आग्रह करते समय कई यात्रा दस्तावेज होने की बात कही। जमानत अर्जी को जिला न्यायाधीश मारी मैलोन ने खारिज कर दिया।


भारतीय एजेंसियों ने 48 वर्षीय हीरा कारोबारी का पासपोर्ट को रद्द कर दिया था। उसके पास जो पासपोर्ट हैं, उसमें एक अब मेट्रोपोलिटन पुलिस के पास है, दूसरा पासपोर्ट ब्रिटेन के गृह विभाग के पास पड़ा है। इसकी समयसीमा समाप्त हो चुकी है। तीसरा पासपोर्ट ब्रिटेन के ड्राइविंग एंड व्हीकल लाइसेंसिंग आथोरिटी के पास है।


अदालत को यह भी बताया गया कि नीरव मोदी के पास पासपोर्ट के अलावा कई निवास कार्ड भी हैं। इनमें से कुछ की मियाद समाप्त हो गयी है। उसके पास जिन देशों के निवासी (रेसिडेंसी) कार्ड हैं, उनमें संयुक्त अरब अमीरात, सिंगापुर तथा हांगकांग के हैं।